Loading...
मारुति सुजुकी से लेकर टोयोटा तक, कैसी रही अगस्त की सेल्स रिपोर्ट?
अगस्त में कंपनियों की कार बिक्री में इजाफा हुआ है

मारुति सुजुकी से लेकर टोयोटा तक, कैसी रही अगस्त की सेल्स रिपोर्ट?

Sep 01, 2026
08:36 pm

क्या है खबर?

देश की कार निर्माता कंपनियों ने अगस्त के मासिक बिक्री आंकड़े जारी कर दिए हैं। इस दौरान मारुति सुजुकी से लेकर दक्षिण कोरियाई हुंडई मोटर कंपनी ने बिक्री में बढ़त हासिल की है। शीर्ष कार कंपनियों में बिक्री के लिहाज से मारुति पहले पायदान पर बनी हुई है। आंतरिक दहन इंजन (ICE) संचालित गाड़ियों के साथ-साथ अब इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में भी इजाफा हुआ है। आइए जानते हैं पिछले महीने शीर्ष-5 कंपनियों की सेल्स रिपोर्ट कैसी रही।

#1

मारुति सुजुकी

मारुति सुजुकी ने अगस्त में कुल 2.19 लाख गाड़ियां बेची हैं, जिसमें घरेलू बिक्री, निर्यात और टोयोटा को की गई सप्लाई शामिल है।

घरेलू बाजार में बिक्री 1.76 लाख रही, जबकि अगस्त, 2025 में यह आंकड़ा 1.31 लाख यूनिट था। यह सालाना आधार पर 34.81 फीसदी की बढ़ोतरी है।

हालांकि, जुलाई की 1.96 लाख की तुलना में मासिक आधार पर 9.8 फीसदी की गिरावट है। पिछले महीने निर्यात 7.37 फीसदी गिरकर 36,538 की जगह 33,844 रह गया।

#2

टाटा मोटर्स

टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2027 में अपनी अब तक की सबसे ज्यादा मासिक घरेलू थोक बिक्री दर्ज की।

घरेलू बाजार में बिक्री 65,253 रही, जबकि अगस्त, 2025 में यह 41,001 थी, जो सालाना 59.15 फीसदी की बढ़ोतरी है। यह जुलाई में बिकी 62,611 की तुलना में मासिक आधार पर 4.22 फीसदी की वृद्धि है।

निर्यात मिलाकर कुल बिक्री 67,753 रही है, जो पिछले साल की 43,315 की तुलना में 56.42 फीसदी ज्यादा है।

ADVERTISEMENT

#3

महिंद्रा एंड महिंद्रा

महिंद्रा एडं महिंद्रा ने पिछले महीने के लिए अपनी बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं, जिसमें SUV, कमर्शियल वाहन और निर्यात कारोबार में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इस महीने घरेलू बाजार में कारों की बिक्री 59,257 रही। यह आंकड़ा अगस्त, 2025 में बिकी 39,399 गाड़ियों की तुलना में सालाना आधार पर 50 फीसदी की बढ़ोतरी दर्शाता है।

हालांकि, जुलाई में हुई 60,048 गाड़ियों की बिक्री के मुकाबले मासिक आधार पर 1.32 फीसदी की मामूली गिरावट आई।

ADVERTISEMENT

#4

हुंडई मोटर कंपनी

हुंडई मोटर कंपनी ने घरेलू बाजार में 54,396 गाड़ियाें की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल इसी महीने में बेची गईं 44,001 की तुलना में सालाना आधार पर 23.62 फीसदी ज्यादा है।

निर्यात मिलाकर कंपनी ने कुल 65,796 कारों की बिक्री हासिल की, जो पिछले साल की 60,501 से 8.75 फीसदी ज्यादा है।

इस दौरान कंपनी को निर्यात में 30.91 फीसदी का नुकसान झेलना पड़ा है। यह 16,500 से घटकर 11,400 रह गया है।

#5

टोयोटा

टोयोटा ने अगस्त में कुल 32,842 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की, जिसमें घरेलू बाजार में बेची गई 28,410 और निर्यात की गई 4,432 शामिल हैं।

इस जापानी कार निर्माता कंपनी ने इस साल में अब तक कुल बिक्री में 10 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की, जिससे कुल बिक्री 2.66 लाख तक पहुंच गई।

इस बढ़ोतरी में घरेलू बाजार में बेची गई 2.44 लाख (11 फीसदी की बढ़ोतरी) और निर्यात की गई 22,104 गाड़ियों (2 फीसदी की बढ़ोतरी) का योगदान रहा।

ADVERTISEMENT