बजाज ने जनवरी में वाहन बिक्री में दर्ज की 24 फीसदी बढ़त, जानिए कितने बेचे
क्या है खबर?
वाहन निर्माता बजाज ने आज (1 फरवरी) जनवरी के वाहन बिक्री आंकड़े जारी कर दिए हैं।
कंपनी की सेल्स रिपोर्ट के मुताबिक, उसने पिछले महीने 24 फीसदी सालाना बढ़त के साथ कुल (दोपहिया और तिपहिया वाहन) 3.56 लाख वाहन बेचे हैं। इसकी तुलना में जनवरी, 2023 में यह आंकड़ा 2.85 लाख रहा था।
घरेलू बाजार में कंपनी को जनवरी में 2.3 लाख ग्राहक मिले, जो पिछले साल के इसी महीने की 1.75 लाख की तुलना में 31 फीसदी ज्यादा हैं।
दोपहिया वाहन
दोपहिया वाहनों की बिक्री में हुआ इतना इजाफा
पिछले महीने कंपनी ने निर्यात में भी सालाना आधार पर 12 फीसदी की बढ़त दर्ज की है। निर्यात पिछले साल जनवरी के 1.12 लाख से बढ़कर 1.25 लाख वाहनों पर पहुंच गया है।
पिछले महीने के दौरान मोटरसाइकिल और स्कूटर की कुल बिक्री (घरेलू और निर्यात) में 27 फीसदी का उछाल आया है।
यह जनवरी, 2023 की 2.43 लाख से बढ़कर 3.08 लाख पर पहुंच गई है। इस दौरान घरेलू बाजार में 1.93 लाख और निर्यात 1.14 लाख रहा है।
कमर्शियल वाहन
घरेलू बाजार में कमर्शियल वाहनों की अच्छी रही मांग
जनवरी में बजाज ने कमर्शियल वाहनों (तिपहिया और क्वाड्रिसाइकिल) की बिक्री में भी सालाना आधार पर 6 फीसदी की बढ़त के साथ 47,762 वाहन बेचे हैं।
इस दौरान घरेलू बिक्री 12 फीसदी बढ़कर 36,693 पर पहुंच गई, जबकि निर्यात 8 फीसदी घटकर 11,069 रह गया है।
चालू वित्त वर्ष में अब तक (अप्रैल 2023 से जनवरी 2024) बजाज ने कुल 36.4 लाख वाहन बेचे हैं, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में 33.6 लाख रहे थे।