Page Loader
सभी दोपहिया वाहनों में अगले साल से मिलेगा ABS, जानिए क्या होगा असर 
अगले साल से सभी दोपहिया वाहनों में ABS मिलेगा (तस्वीर: TVS मोटर)

सभी दोपहिया वाहनों में अगले साल से मिलेगा ABS, जानिए क्या होगा असर 

Jun 21, 2025
01:12 pm

क्या है खबर?

ब्रेक लगाने के दौरान दोपहिया वाहन के फिसलने से होने वाले हादसे में जल्द कमी आने की उम्मीद की जा सकती है। इसके लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने अगले वित्त वर्ष से सभी बाइक-स्कूटर में एंटी-लॉक ब्रेक (ABS) की सुविधा को अनिवार्य कर दिया है। अध्ययनों से पता चला है कि ABS से दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में 33 फीसदी तक की कमी आ सकती है और इससे होने वाली मौतों और चोटों में उल्लेखनीय कमी आएगी।

समाधान 

क्या होगा ABS का फायदा?

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दोपहिया वाहनों से जुड़ी दुर्घटनाएं में सबसे ज्यादा हादसे ब्रेक लगाने के दौरान फिसलने के कारण होती हैं। दरअसल, अचानक से ब्रेक लगाने के दौरान दोपहिया वाहन का पहिया लॉक हो जाता है, जिससे वह फिसल जाता है। दूसरी तरफ वाल्व और स्पीड सेंसर की मदद से ABS ब्रेक लगने पर वाहन के पहियों को लॉक होने से रोकता है। इस वजह से दोपहिया वाहन बिना फिसले रुक जाते हैं।

कीमत 

कीमत में हो सकता है इजाफा

वर्तमान में ABS केवल 125cc से बड़े इंजन वाले दोपहिया वाहनों में अनिवार्य सुरक्षा सुविधा है, जबकि 2026 से सभी क्षमता के इंजन वाले दोपहिया वाहनों में इसकी पेशकश जरूरी होगी। इससे एंट्री-लेवल बाइक और स्कूटर की कीमत में लगभग 6,000 से 10,000 रुपये की वृद्धि हो सकती है। 125cc से कम के सबसे ज्यादा बिकने वाले दोपहिया वाहनों में हीरो स्प्लेंडर, होंडा शाइन 100, HF डीलक्स, होंडा एक्टिवा, TVS जुपिटर, TVS XL और होंडा डियो शामिल हैं।