2022 यामाहा XSR900 सामने आई, दिखा 70 के दशक का रेट्रो लुक

यामाहा ने ग्लोबल मार्केट में अपनी नई 2022 XSR900 को पेश कर दिया है। यह अपने बेस मॉडल से काफी अलग है और इसमें आपको कई अपडेट्स देखने को मिलेंगे। गौरतलब है कि बाइक को पहले से हल्का बनाया गया है और इसके हैंडलिंग में भी सुधार हुआ है। भारत में इस बाइक को अगले साल तक लॉन्च किया जा सकता है। आइये जानते हैं 2022 यामाहा XSR900 बाइक के बारे में।
2022 यामाहा XSR900 को 70 के दशक से प्रेरित डिजाइन दिया गया है, जिससे यह एक रेट्रो स्टाइल थीम बाइक की तरह दिखती है। बाइक को एल्यूमीनियम फ्रेम पर बनाया गया है जो इसे हल्का बनाने के साथ ही मजबूती भी देता है। इसके अलावा, व्हीलबेस को पहले से ज्यादा लंबा और बाइक के हेडस्टॉक को अपग्रेड किया गया है। गोल्डन फ्रंट फोर्क और व्हील्स के साथ चौड़ा सेट हैंडलबार भी हैं। वहीं, बाइक को फुल LED लाइटिंग मिली है।
नई यामाहा XSR900 के फीचर्स की बात करें तो बाइक को एक नई 3.5-इंच TFT स्क्रीन मिली है जो पिछले मॉडल पर दी गई गोल LCD यूनिट की जगह लेती है। सेफ्टी फीचर्स के तौर पर चार राइडिंग मोड, लीन एंगल सेंसिटिव ट्रैक्शन कंट्रोल के साथ स्लाइड और व्हीली कंट्रोल को शामिल किया गया है। वहीं, बाइक के दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ ब्रेम्बो रेडियल मास्टर सिलेंडर और एडजस्टेबल लीवर के साथ भी अपडेट किया गया है।
पावरट्रेन के लिए नई यामाहा XSR900 में 889cc के लिक्विड कूल्ड इंजन को जोड़ा गया है जो बेस मॉडल में 846cc का था। यह इंजन 10,000rpm पर 117.3hp की पावर और 7,000rpm पर 93Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता हैं। इस तरह बाइक को अतिरिक्त 4bhp की पावर मिली है। इसके अलावा सस्पेंशन ड्यूटी के लिए बाइक पर फुल एडजेस्टेबल KYB गोल्ड एनोडाइज्ड फोर्क्स और KYB मोनोशॉक दिया गया है।
यामाहा XSR900 की कीमतों का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है और इसके लिए आपको अगले साल तक का इंतजार करना होगा। बाइक को दो कलर ऑप्शन- लीजेंड ब्लू और मिडनाइट ब्लैक में लाया गया है और यह फरवरी, 2022 से यूरोप में उपलब्ध होगी।