
टाटा की EVs को सेल के पेट्रोल पंप पर भी मिलेगी चार्जिंग की सुविधा, हुई साझेदारी
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स ने भारत में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के लिए बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए ब्रिटिश तेल और गैस कंपनी शेल के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियों ने देशभर में सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। भारत की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों को बेहतर EV चार्जिंग अनुभव प्रदान करना है।
पेट्रोल पंप
शेल के पेट्रोल पंप पर स्थापित होंगे चार्जिंग स्टेशन
नए EV चार्जिंग स्टेशन देशभर में मौजूद शेल के पेट्रोल पंप पर स्थापित किए जाएंगे। हालांकि, कार निर्माता ने इन EV चार्जर्स की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया है। टाटा EV मालिक वर्तमान में टाटा पावर के चार्जर के अलावा तीसरे पक्ष के EV चार्जिंग नेटवर्क का उपयोग करते हैं। वर्तमान में टाटा पावर के पूरे देश में 8,000 से अधिक चार्जिंग स्टेशन हैं। ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, भारत में वर्तमान में 12,146 सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशन हैं।
योजना
इस साल तक और बढ़ जाएंगी टाटा की EVs
टाटा 71 प्रतिशत की बाजार हिस्सेदारी के साथ देश में सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता है। इसके पोर्टफोलियो में टियागो, टिगोर, पंच और नेक्सन जैसे EV मॉडल शामिल हैं। इस साल के अंत तक 3 और नई EV लॉन्च करने की योजना है। कार निर्माता ने हाल ही में गुरुग्राम में अपना पहला EV-एक्सक्लूसिव शोरूम भी खोला है। बता दें, पिछले दिनों टाटा ने EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम के साथ भी साझेदारी की थी।