अब भले ही एक्टिंग की दीवानगी आदित्य के सिर चढ़कर बोलती हो, लेकिन स्कूल के शुरुआती दिनों में वह क्रिकेटर बनना चाहते थे और क्रिकेट ही उनका जुनून था। इसके लिए उन्होंने बकायदा ट्रेनिंग भी ली थी, लेकिन कुछ समय बाद उनका मन बदल गया।
मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज से डिग्री लेने के बाद आदित्य ने चैनल V पर VJ के तौर पर काम करना शुरू किया। यहां उन्होंने लंबे समय तक दर्शकों का मनोरंजन किया। वह 'पकाओ विद चैनल V' के अलावा भी कई शो होस्ट करते थे।
आदित्य ने एक्टिंग का कोर्स नहीं किया था। वह जिस स्कूल में पढ़ते थे, वहां उनकी मां नाटकों का निर्देशन किया करती थीं। उन्होंने अपनी मां से ही अभिनय की बारीकियां सीखी हैं। हालांकि, अपनी हिंदी ठीक करने के लिए उन्होंने डिक्शन क्लास जरूर ली।
एक बार रणवीर सिंह ने कहा था, "जूनियर कॉलेज में आदित्य रॉय कपूर हर लड़की की चाहत थे। मैं एक लड़की के लिए पागल हुआ करता था। करीब चार-पांच साल तक मैं उसके पीछे लगा रहा। उसने मुझे आदित्य रॉय कपूर के लिए छोड़ दिया था।"