TCS में 3 साल में कर्मचारियों के बराबर होंगे AI एजेंट, अध्यक्ष ने किया दावा
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने भविष्यवाणी की है कि अगले 3 सालों में कंपनी में उतने ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट्स काम करेंगे, जितने उसके इंसानी कर्मचारी हैं।
टाटा संस के अध्यक्ष चंद्रशेखरन ने AI को 'इंफ्रास्ट्रक्चर ऑफ इंटेलिजेंस' बताया और कहा कि यह कंपनियों के फैसले लेने और ग्राहकों से जुड़ने के तरीके को पूरी तरह नया रूप दे देगा।
AI से हासिल किया करीब 220 अरब रुपये का राजस्व
चंद्रशेखरन को नहीं लगता कि AI से नौकरियों को कोई खतरा है। उनका मानना है कि इस बदलाव को लेकर, जो डर दिखाया जा रहा है, वह कुछ ज्यादा ही बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया है। AI तो असल में विकास और नवाचार के बड़े अवसर पैदा करता है।
TCS ने वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही में AI से 2.4 अरब डॉलर (करीब 220 अरब रुपये) का सालाना राजस्व दर्ज की है। इसमें तिमाही आधार पर 22.4 फीसदी की चक्रवृद्धि वृद्धि देखी गई है।
कंपनी को भविष्य में कई बड़े अवसर दिखाई दे रहे हैं, जिनमें पुराने तकनीकी सिस्टम्स को आधुनिक बनाना और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में 'फिजिकल AI' का इस्तेमाल करना शामिल है।