व्हाट्सऐप पर AI से बिजनेस चैट होंगे ऑटोमैटिक, जानिए क्या होगा फायदा
मेटा ने व्हाट्सऐप पर बिजनेस के लिए एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्लेटफॉर्म पेश किया है। इसके आने से कंपनियों के साथ बातचीत पहले से ज्यादा आसान और ऑटोमैटिक हो जाएगी।
अब सवालों के जवाब देने या किसी सर्विस को बुक करने जैसे काम AI अपने आप कर देगा। भारत के बिजनेस इस AI प्लेटफॉर्म को तेजी से अपना रहे हैं। यह कोई चौंकने वाली बात नहीं है क्योंकि यहां व्हाट्सऐप का इस्तेमाल बहुत बड़े पैमाने पर होता है।
सब्सक्रिप्शन प्लांस का शुरू होगा ट्रायल
अभी तो यह प्लेटफॉर्म मुफ्त है, लेकिन 15 जून से मेटा इसके सब्सक्रिप्शन प्लांस का ट्रायल शुरू करेगा। कंपनी ने एक डेमो में दिखाया कि कैसे किसी कंपनी के सिस्टम से जानकारी लेकर व्हाट्सऐप के अंदर ही आसानी से रेंटल कार बुक की जा सकती है।
बिजनेस को इसे जोड़ने के लिए आसान टूल्स मिलेंगे, साथ ही ऐसे डैशबोर्ड भी दिए जाएंगे, जो दिखाएंगे कि ग्राहक क्या पूछ रहे हैं और उनकी प्रतिक्रिया कैसी है।
जल्दी ही आप अपने व्हाट्सऐप सर्च में ही AI से चलने वाली इन कंपनियों को देख पाएंगे। इससे ऐप छोड़े बिना ही सारे काम निपटाना और भी सरल हो जाएगा।