चीनी स्टार्टअप का AI कॉलर पालतू जानवर की बात समझने में करेगा मदद
चीन की एक स्टार्टअप मेंग शियाओयी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एक ऐसा कॉलर बनाया है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि यह पालतू बिल्ली या कुत्ते की आवाजों और उनके इशारों को इंसानी भाषा में बदल सकता है।
इसका मतलब आप पालतू जानवर के साथ अपनी भाषा में बात कर सकेंगे। यह कॉलर 20 से ज्यादा तरह की भावनाओं को पहचान सकता है, जैसे भूख लगना या खेलने की इच्छा।
कंपनी बताती है कि यह 95 फीसदी तक सही जानकारी देता है। एक डेमो में दिखाया गया कि कैसे एक बिल्ली की 'म्याऊं' आवाज 'मुझे खेलना है' बन गई, वहीं एक कुत्ते के 'भौंकने' को 'मुझे भूख लगी है' बताया गया।
कीमत 11,000 रुपये, 10,000 से ज्यादा प्री-ऑर्डर
यह कॉलर बेहद हल्का है, इसका वजन सिर्फ 27 ग्राम है। इसमें माइक्रोफोंस और मोशन सेंसर लगे हुए हैं, जिनकी मदद से यह पता लगाता है कि आपके पालतू जानवर का मन कैसा है।
खास बात यह भी है कि इसकी मदद से आप जानवर को ऐसी आवाजों में कमांड या संदेश दे सकते हैं, जिन्हें वे आसानी से समझ सकें। यह डिवाइस अलीबाबा क्लाउड के क्वेन AI मॉडल पर काम करता है, जिसे लाखों जानवरों की आवाजों के डाटा पर ट्रेनिंग दी गई है।
इसकी कीमत लगभग 11,000 रुपये (799 युआन) है। 30 मई को लॉन्च होने से पहले ही इसे 10,000 से ज्यादा प्री-ऑर्डर मिल चुके हैं।
ऑनलाइन इस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही हैं। कुछ लोग इसे लेकर काफी उत्सुक दिख रहे हैं, वहीं कई लोगों का कहना है कि उन्हें अपने पालतू जानवरों की जरूरतें समझने के लिए किसी तकनीक की जरूरत नहीं पड़ती।