चीन में शुरू किया दुनिया का पहला हवा से चलने वाला अंडरवॉटर डाटा सेंटर
चीन में दुनिया का पहला हवा से चलने वाला अंडरवॉटर डाटा सेंटर शुरू हुआ। शंघाई के तट पर बने इस डाटा सेंटर में जमीन पर बने ऐसे ही सेंटर के मुकाबले कम बिजली और पानी का इस्तेमाल होता है।
मई में खोला गया शंघाई लिंगांग डाटा सेंटर समुद्र की सतह से 10 मीटर नीचे और शंघाई के तट से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है। यह हाई-टेक हब पास के एक समुद्र में स्थित विंड फार्म से चलता है। इसे हाईक्लाउड टेक्नोलॉजी और चाइना कम्युनिकेशंस कंस्ट्रक्शन ने मिलकर बनाया है और इसकी कुल क्षमता 24 मेगावाट है।
समुद्री पानी से कूलिंग से होती है ऊर्जा की बचत
ज्यादातर जमीन पर बने डाटा सेंटर्स की तरह यह बिजली से कूलिंग नहीं करता। इसकी बजाय यह समुद्री पानी का उपयोग करता है, जिससे ऊर्जा की खपत करीब 20 फीसदी कम हो जाती है। यह पानी की बचत भी करता है। यह ऐसे समय में खास है, जब दुनियाभर के डाटा सेंटर्स हर साल 1,000 अरब लीटर पानी खर्च करते हैं।
इस प्रोजेक्ट में 17.70 करोड़ पाउंड (करीब 2,250 करोड़ रुपये) का भारी निवेश किया गया है और यह चीन के ग्रीन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के अभियान का हिस्सा है।
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि स्थानीय समुद्री पानी के गर्म होने या तलछट के उथल-पुथल होने जैसी बातों का ध्यान रखना होगा।