चीन ने बनाया बाल से पतला और स्टील से 10 गुना मजबूत फाइबर
चीन ने हाल ही में T1200 नाम का एक नया और बेहद मजबूत कार्बन फाइबर पेश किया है। यह आम स्टील से करीब 10 गुना ज्यादा ताकतवर है, लेकिन बाल से भी ज्यादा पतला है।
सरकारी कंपनी चाइना नेशनल बिल्डिंग मटेरियल ग्रुप (CNBM) ने घोषणा की है कि उसने इसका औद्योगिक स्तर पर उत्पादन शुरू कर दिया है।
इसकी ताकत दिखाने के लिए, शोधकर्ताओं ने लगभग 1.2 लाख बहुत पतले धागों को मोड़कर एक रस्सी बनाई थी, जिसकी चौड़ाई 2mm से भी कम थी।
चीनी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह पतली रस्सी 54 वयस्कों से भरी एक बस को खींचने में सक्षम थी।
वजन में भी हल्का है फाइबर
T1200 मजबूत होने के साथ-साथ बेहद हल्का भी है। इसका घनत्व स्टील के मुकाबले सिर्फ एक चौथाई है और इसकी खिंचाव सहने की क्षमता 8 गीगापास्कल से ज्यादा है।
इसकी ये खूबियां इसे एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिक कारों और रिन्यूएबल एनर्जी जैसी चीजों के लिए बहुत उपयोगी बनाती हैं।
चीन का दावा है कि वह हर साल 100 टन से ज्यादा T1200 का उत्पादन कर सकता है। उनका कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर इस ग्रेड के कार्बन फाइबर का उत्पादन करने वाला वह दुनिया का पहला देश है। इससे वे जापान की टोरे जैसी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से आगे निकल सकते हैं।