कैनवा में आई तकनीकी खराबी, यूजर्स को डिजाइन बनाने में हुई परेशानी
ग्राफिक डिजाइन टूल कैनवा को मंगलवार (9 जून) को दुनियाभर में समस्या का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से लोगों को वेबसाइट पर अपने डिजाइन्स बनाने या देखने में काफी परेशानी हो रही थी।
कुछ यूजर्स ने मोबाइल ऐप में भी दिक्कत आने की जानकारी दी। यह समस्या सर्वर से जुड़ी थी, लेकिन कैनवा की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और कुछ ही घंटों के भीतर ही सब कुछ ठीक कर दिया।
ज्यादातर यूजर्स को वेबसाइट खोलने में हुई दिक्कत
यह तकनीकी खराबी सुबह के शुरुआती घंटों में शुरू हुई, जब ज्यादातर यूजर्स (61 फीसदी) को वेबसाइट एक्सेस करने में दिक्कत हो रही थी, वहीं बाकी 37 फीसदी को ऐप में समस्या का सामना करना पड़ा।
कैनवा ने अपने स्टेटस पेज के जरिए लगातार सभी को जानकारी दी और बताया कि एडिटिंग और डिजाइन देखने से जुड़े, जो फीचर्स काम नहीं कर रहे थे, उन्हें अब बहाल कर दिया गया है। अगर, आपके डिजाइन बनाने की योजनाएं रुक गई थीं तो अब आप बेझिझक अपना काम फिर से शुरू कर सकते हैं।