हैदराबाद में तेजी से बढ़ रही पानी की किल्लत, 15,000 के पार पहुंची टैंकर बुकिंग
देश
हैदराबाद इस वक्त पानी के गंभीर संकट से जूझ रहा है। जहां इस साल की शुरुआत में रोज करीब 2,000 टैंकर बुक होते थे, वहीं अब यह आंकड़ा 15,000 के पार पहुंच गया है। भीषण गर्मी, नीचे गिरता भूजल और मानसून की देरी ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। यहां तक कि कई सालों से चल रहे पुराने बोरवेल भी सूखने लगे हैं।
हैदराबाद वाटर बोर्ड ने शुरू की रात में सप्लाई
पानी की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए शहर के वाटर बोर्ड ने अब 3 शिफ्टों में काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने रात में भी पानी की सप्लाई शुरू कर दी है। इसके बावजूद, कई इलाकों में तो नगर निगम का पानी 4 या 5 दिन में सिर्फ एक बार ही आता है। ऐसे में लोगों को टैंकरों पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है, जहां उन्हें टैंकर मिलने में देरी का सामना करना पड़ता है और कई बार गंदा पानी मिलने की शिकायतें भी आती हैं। असली राहत तभी मिलेगी जब समय पर मानसून की बारिश होगी।