केरलम के त्रिशूर में तूफान-बारिश ने मचाही तबाही, 29 लोग हुए बेघर
केरलम के त्रिशूर जिले में मंगलवार को मौसम का रौद्र रूप दिखाई दिया। तेज हवाओं और लगातार बारिश से जिले में काफी नुकसान हुआ है। विलादम, विलवट्टोम, चेरुव और कोझुक्कुल्ली जैसे कई इलाकों में पेड़ गिरने से सड़कें बंद हो गईं। फायर और रेस्क्यू टीमें स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रास्तों को साफ करने में जुटी हैं, लेकिन बारिश अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही है।
चालाकुडी में राहत शिविरों में पहुंचे 29 लोग
कोझुक्कुल्ली में तेज हवाओं के कारण कई पेड़ गिर गए और वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचा। नादथारा में भवन्स स्कूल के पास खड़ा एक विशाल सागौन का पेड़ पार्किंग में खड़ी कारों पर जा गिरा, लेकिन गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। चालाकुडी में सात परिवारों के कुल 29 लोग 2 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं, जिन्हें अपना घर छोड़कर आना पड़ा है। स्थानीय विधायक के राजन ने राहत प्रयासों में सहयोग देने के लिए प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
IMD ने त्रिशूर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया
भारत मौसम विभाग (IMD) ने त्रिशूर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत जिले में अभी भी भारी बारिश, गरज के साथ आंधी और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक की तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की है, क्योंकि हालात और भी खराब हो सकते हैं।