केरलम में ATS का बड़ा खुलासा, फर्जी आधार कार्ड के साथ दबोचे गए कई बांग्लादेशी
केरलम पुलिस और आतंकवाद विरोधी दस्ता (ATS) ने कोललम जिले से 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर बिना किसी वैध दस्तावेज के रहने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए लोगों के समूह में 3 बच्चे भी शामिल थे। पुलिस ने इन्हें एक कबाड़ दुकान के पास से पकड़ा, जहां उनके पास से कई पहचान पत्र बरामद हुए, जिनमें आधार कार्ड भी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में अवैध घुसपैठ पर लगाम कसने के लिए यह एक बड़ी कोशिश की जा रही है और यह गिरफ्तारी उसी का हिस्सा है।
नींदकड़ा और कोच्चि में बांग्लादेशियों की गिरफ्तारी
एक और मामले में नींदकड़ा में एक बांग्लादेशी दंपति को पकड़ा गया है। खबरों के मुताबिक, ये दोनों लगभग 10 साल से बिना पासपोर्ट या वीजा के केरलम में रह रहे थे। दोनों कबाड़ इकट्ठा करने का काम करते थे और अपनी असली पहचान छिपाए हुए थे। इससे पहले, कोच्चि के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के पास से भी 10 और बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया था। ये लोग भी कबाड़ का ही काम करते थे और इनके पास अपने पहचान पत्रों की डिजिटल प्रतियां मिली थीं।