CBI अधिकारी बनकर 24 करोड़ की ठगी, डिजिटल अरेस्ट से डराकर बुजुर्ग महिला को लूटा
कर्नाटक पुलिस ने एक बड़ी साइबर ठगी का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 2 दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले हैं। इन ठगों ने बेंगलुरु की एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया था, जो दुबई में टीचर के तौर पर काम करने के बाद सेवानिवृत्त हो चुकी थीं। उन्होंने महिला से करीब 24 करोड़ रुपये की ठगी की। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) अधिकारी बनकर इन जालसाजों ने महिला को खूब डराया। उन्होंने उसे बताया कि उसके बैंक अकाउंट्स का संबंध मनी लॉन्ड्रिंग से है और उसे डिजिटल अरेस्ट तक की धमकी दी।
बैंक अलर्ट के बाद 3 करोड़ रुपये हुए फ्रीज
जनवरी से मई 2026 तक जालसाजों ने महिला से 22 अलग-अलग बैंक अकाउंट्स में पैसे जमा करवाए। जब महिला को और पैसों की जरूरत पड़ी और उसने बैंक में 1.3 किलो सोना गिरवी रखने की कोशिश की, तो बैंक स्टाफ को कुछ गड़बड़ लगी। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए। इसके साथ ही दिल्ली और इलाहाबाद से आरोपियों को धर दबोचा गया। अब पुलिस इस गैंग के दूसरे साइबर क्राइम से जुड़े लिंक की भी जांच कर रही है।