जम्मू-कश्मीर में ड्रग्स पर बड़ी कार्रवाई, 116 लोगों के पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश
जम्मू-कश्मीर ने 11 मई को अपने नए 'नशा-मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' की शुरुआत कर नशीले पदार्थों के खिलाफ अपनी लड़ाई को और गंभीर बना दिया है। इस मुहिम के तहत, अधिकारियों ने उन 116 लोगों के पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश की है, जिन पर नशीली दवाओं की तस्करी से जुड़े होने का आरोप है। इनमें 94 पासपोर्ट जम्मू संभाग से और 22 कश्मीर संभाग से हैं। इस अभियान के चलते अब तक 890 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, और करीब 800 FIR भी दर्ज हुई हैं।
मनोज सिन्हा ने नशीले पदार्थों और उग्रवाद के बीच संबंध बताया
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी से जो पैसा आता है, उसका इस्तेमाल उग्रवादी संगठन हथियार खरीदने के लिए करते हैं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई अधिकारी हो या आम नागरिक। इस अभियान का मकसद सिर्फ गिरफ्तारी करना नहीं है, बल्कि लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करना भी है। इसके लिए 7,000 से ज्यादा महिला समूह बनाए गए हैं।