ट्रेन में अब मिलेगा घर जैसा खाना, IRCTC ने उठाया यह बड़ा कदम
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) अब ट्रेनों में ताजा खाना बनाने का काम फिर से शुरू करने जा रहा है। हालांकि, इस बार LPG गैस की जगह इंडक्शन स्टोव का इस्तेमाल किया जाएगा। यह बदलाव LPG की आपूर्ति में आई कमी के बाद लिया गया है। दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हुई रुकावटों ने वैश्विक स्तर पर गैस की शिपमेंट को बाधित किया था, जिससे भारत में भी इसकी किल्लत हो गई थी।
प्रीमियम ट्रेनों में इंडक्शन पैंट्री कारें
राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों को इंडक्शन स्टोव और सुरक्षा सुविधाओं से लैस पैंट्री कारें मिलेंगी। बता दें कि IRCTC लगभग 1,400 ट्रेनों में रोजाना 1.7 मिलियन यात्रियों को भोजन परोसता है। LPG की उपलब्धता में कमी के बाद, IRCTC ने विक्रेताओं को बिजली से चलने वाले विकल्पों का उपयोग करके ट्रेनों में फिर से खाना पकाने की अनुमति दी है, जिससे यात्रियों को गर्म भोजन लगातार मिलता रहे।