दिल्ली की मुख्यमंत्री का प्रदूषण मुक्त राजधानी का संकल्प, जानिए क्या है योजना
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के प्रदूषण से लड़ने के लिए 'मिशन यमुना' के तहत 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में नजफगढ नाले की सफाई, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को और बेहतर बनाना और पानी का स्मार्ट इंतजाम करना शामिल है। यह सब दिल्ली के पर्यावरण को ज्यादा स्वस्थ बनाने की तरफ एक बड़ा कदम है।
दिल्ली में स्वदेशी एयर प्यूरीफायर का परीक्षण
राजधानी सिर्फ यमुना की सफाई पर ही ध्यान नहीं दे रही, बल्कि हवा को भी स्वच्छ बनाने के लिए काम हो रहा है। मुख्यमंत्री गुप्ता की टीम ने हाल ही में कई स्वदेशी एयर प्यूरीफायर देखे हैं। इनमें STR 101 भी शामिल है, जो हर घंटे करीब 3 लाख लीटर हवा को साफ कर सकता है। वहीं, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पर लगी एंटी-स्मॉग गन अब कीर्ति नगर और मायापुरी जैसे व्यस्त इलाकों में प्रदूषण घटाने का काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री गुप्ता ने साफ किया कि यह केवल मौसमी कोशिश नहीं है, बल्कि साफ हवा और लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए 365 दिन चलने वाला एक अभियान है।