उज्ज्वल निकम की बायोपिक में नजर आएंगे राजकुमार राव, किरदार के लिए ऐसे बढ़ाया वजन
मशहूर अभिनेता राजकुमार राव 'प्रहार- द उज्ज्वल निकम स्टोरी' में भारत के जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हें।
यह फिल्म 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी और दिनेश विजान द्वारा निर्मित यह फिल्म, देश के सबसे प्रसिद्ध वकीलों में से एक उज्ज्वल निकम के जीवन को गहराई से दिखाती है।
इस फिल्म में राजकुमार के साथ वामीका गब्बी और सिकंदर खेर भी अहम किरदारों में दिखेंगे।
बिना किसी चीज के वजन बढ़ाकर राजकुमार ने निभाया किरदार
राजकुमार ने उज्ज्वल निकम जैसा दिखने के लिए पूरी जान लगा दी है। उन्होंने किसी तरह के बनावटी मेकअप या प्रोस्थेटिक्स का सहारा नहीं लिया, बल्कि असली में वजन बढ़ाकर खुद को किरदार में ढाला।
उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने 2 पिज्जा और बिरयानी जैसी चीजें खाकर अपना वजन बढ़ाया। एक बातचीत में उन्होंने कहा, 'मैं सिर्फ उनके जैसा अभिनय नहीं करना चाहता था, बल्कि उनके जैसा दिखना भी चाहता था।'
उन्हें उम्मीद है कि जब फिल्म पर्दे पर आएगी, तो दर्शक उनकी इस मेहनत को जरूर पहचानेंगे। प्रशंसक पहले से ही पर्दे पर उनका यह बदला हुआ रूप देखने के लिए बेताब हें।