सनी देओल की 'लाहौर 1947' बनी 'बटवारा 1947', मोशन पोस्टर में दिखा विभाजन का वो मंजर
सनी देओल की अगली बड़ी फिल्म का नाम बदल दिया गया है। अब यह 'लाहौर 1947' की जगह 'बटवारा 1947' नाम से दर्शकों के सामने आएगी।
फिल्म के मेकर्स ने एक दमदार मोशन पोस्टर जारी करते हुए यह जानकारी दी। यह पोस्टर बंटवारे के दौर की बहादुरी और विस्थापन के भाव को गहराई को दिखाता है।
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 14 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
मोशन पोस्टर में क्या है खास?
मोशन पोस्टर की शुरुआत एक जोरदार संवाद से होती है, 'नफरत और डर के समय में, उसने बहादुरी चुनी'। पोस्टर में जलती इमारतें, फटा हुआ नक्शा और एक भाप वाली ट्रेन के पास दौड़ते सनी नजर आते हैं।
आखिर में वह एक जलती हुई मशाल लिए खड़े दिखाई देते हैं। यह फिल्म मशहूर नाटककार असगर वजाहत के प्रशंसित नाटक 'जिस लाहौर ने देख्या ओ जम्म्या ए ने' पर आधारित है।
यह फिल्म राजकुमार और सनी की जोड़ी को 'घायल' जैसी क्लासिक फिल्मों के बाद एक बार फिर साथ लेकर आ रही है।
फिल्म में प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल और अली फजल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखेंगे। फिल्म का संगीत ए आर रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।