मशहूर गायक ब्रूएल पर 13 से ज्यादा महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप, जानें क्या है पूरा मामला?
67 वर्षीय फ्रांसीसी गायक और अभिनेता पैट्रिक ब्रूएल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन पर कम से कम 13 महिलाओं ने बलात्कार, बलात्कार के प्रयास और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
इनमें से कुछ शिकायतें तो 1990 के दशक के आखिर और 2000 की शुरुआत की घटनाओं से संबंधित हैं। पैट्रिक ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है।
उनके वकीलों ने बताया है कि वे कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायिक अधिकारियों के सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
पैट्रिक के खिलाफ और भी पीड़ित सामने आए
जांच लगातार जारी है और इस बीच कुछ और महिलाओं ने भी सामने आकर अपने बयान दर्ज कराए हैं।
इन आरोपों में कई दशकों पुरानी घटनाएं शामिल हैं, जो अलग-अलग जगहों पर हुई थीं। इनमें 2012 का ब्रिटनी का एक मामला और 2010 में ब्रूसेल्स में हुई कथित घटनाएं भी शामिल हैं।
मंगलवार शाम तक अधिकारी यह तय करेंगे कि पैट्रिक को आरोपों का सामना करना होगा या फिर उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।