'जीवन बीमा योजना' के टीजर ने बढ़ाया लोगों के बीच उत्साह, फिल्म में है अरशद वारसी का डबल धमाका
अरशद वारसी अपनी नई फिल्म 'जीवन बीमा योजना' के साथ लौट रहे हैं। इस बार खास बात यह है कि वे इसमें एक नहीं, बल्कि 2 हमशक्ल किरदार निभा रहे हैं।
हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीजर में हमें जीवन और भीमा नाम के ये 2 हमशक्ल किरदार देखने को मिलते हैं।
टीजर देखकर लगता है कि दोनों किसी अपराध की उलझन में फंस जाते हैं, जिससे ढेर सारी गड़बड़ और हंसी-मजाक पैदा होती है।
अभिषेक डोगरा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2026 में मॉनसून के दौरान सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
अभिषेक डोगरा कर रहे हैं 'जीवन बीमा योजना' का निर्देशन
फिल्म में अरशद के डबल रोल के साथ संजीदा शेख भी दिखेंगी। विजय राज, पूजा चोपड़ा और बिजेन्द्र कला जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
'डॉली की डोली' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर अभिषेक डोगरा ही इसका निर्देशन कर रहे हैं।
इसकी निर्माता अंशु मिश्रा हैं और यह 'स्टार बीम वेंचर्स लिमिटेड' के बैनर तले बन रही है। अगर आपको सस्पेंस और कॉमेडी का तड़का पसंद है, तो यह फिल्म यकीनन आपको खूब पसंद आएगी।