भारत के लिए गर्व का पल, ऑस्कर 2026 के लिए शॉर्टलिस्ट हुई भारतीय फिल्म 'होमबाउंड'
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा ने एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। ऑस्कर 2026 की दौड़ के लिए चुनी गई फिल्म 'होमबाउंड' ने न सिर्फ देश का मान बढ़ाया है, बल्कि ये साबित कर दिया है कि भारतीय कहानियां आज दुनियाभर के दिलों तक पहुंच रही हैं। अपनी गहरी भावनाओं, शानदार निर्देशन और संवेदनशील पेशकश के दम पर 'होमबाउंड' ने अंतरराष्ट्रीय जूरी को प्रभावित किया है, जिससे भारत के ऑस्कर जीतने की उम्मीद और बढ़ गई है।
पोस्ट
धर्मा प्रोडक्शंस ने किया ये पोस्ट
98वें ऑस्कर समारोह के लिए शॉर्टलिस्ट हुई फिल्मों का ऐलान कर दिया गया है। इंटरनेशनल फीचर फिल्म की श्रेणी में 'होमबाउंड' को ऑस्कर का टिकट मिल गया है यानी फिल्म ऑस्कर की रेस में एक कदम और आगे बढ़ चुकी है। धर्मा प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर लिखा, '98वें अकादमी अवॉर्ड्स में 'होमबाउंड' को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म की श्रेणी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। हम दुनियाभर से मिल रहे अपार प्रेम और समर्थन के लिए दिल से आभारी हैं।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
Homebound has been shortlisted for Best International Feature Film at the 98th Academy Awards. We’re deeply grateful for the extraordinary love and support we've received from around the world.🙏🏻 pic.twitter.com/MVIJMJAlvr
— Dharma Productions (@DharmaMovies) December 16, 2025
प्रतिस्पर्धा
15 देशों से मुकाबला कर जीत के और करीब पहुंचेगी 'होमबाउंड
शॉर्टलिस्ट में शामिल होना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जाता है, क्योंकि यहां तक पहुंचने वाली फिल्में दुनिया की बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाती हैं। 'होमबाउंड' अब इस श्रेणी में ब्राजील, जर्मनी, इराक, स्पेन और जापान जैसे कुल 15 देशों की फिल्मों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगी। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि 'होमबाउंड' ऑस्कर में जीत के और करीब यानी नामांकन पाने वाली फिल्मों की सूची में अपनी जगह बना पाती है या नहीं।
कहानी
क्या है ऑस्कर की दौड़ में शामिल 'होमबाउंड' की कहानी?
फिल्म की कहानी 2 दोस्तों की है (ईशान खट्टर) और चंदन कुमार (विशाल जेठवा)। फिल्म भारत में जाति और धार्मिक भेदभाव को दर्शाती है और कैसे 2 दोस्त इसके खिलाफ लड़ते हुए अपनी जिंदगी बनाने की कोशिश करते हैं। कहानी में सुधा भारती (जाह्नवी कपूर) का किरदार उनकी जिंदगी में रोशनी की तरह आता है। इसका क्लाइमैक्स लॉकडाउन के दौरान प्रवासी मजदूरों के पलायन पर भी ध्यान दिलाता है। करण जाैहर फिल्म के निर्माता तो नीरज घेवान इसके निर्देशक हैं।
जलवा
कान्स फिल्म फेस्टिवल और TIFF में छा चुकी फिल्म
बता दें कि 'होमबाउंड' ऑस्कर की अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए चुनी गई थी। इस फिल्म को कान्स फिल्म फेस्टिवल में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। इस फिल्म ने 2025 के टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (TIFF) में पीपुल्स चॉइस अवाॅर्ड भी अपने नाम किया था। TIFF 2025 में पीपुल्स च्वाइस अवार्ड्स में यह फिल्म सेकंड रनर-अप रही थी। टीम ने इस पल को सोशल मीडिया पर दिखाया था और सभी को जबरदस्त रिएक्शन के लिए शुक्रिया भी अदा किया था।