इम्तियाज अली ने 'लव आज कल' की मीरा के विवादित फैसले पर तोड़ी चुप्पी, कह दी यह बात
इम्तियाज अली ने हाल ही में 'लव आज कल' (2009) में दीपिका पादुकोण के किरदार मीरा को लेकर हुई आलोचना पर बात की।
दरअसल, फिल्म में मीरा अपनी शादी के अगले ही दिन अपने पति को छोड़ देती है। फिल्म बनाते समय कई लोगों ने उन्हें आगाह किया था कि अगर मीरा शादी के तुरंत बाद पति को छोड़ती है, तो दर्शक उसके किरदार को नकारात्मक रूप में देखेंगे, लेकिन इम्तियाज अपनी बात पर कायम रहे।
उनका कहना था कि वे ऐसे मुश्किल फैसलों के पीछे छिपी असल भावनाओं को दिखाना चाहते थे, क्योंकि उन्होंने ऐसा असल जिंदगी में होते भी देखा था।
इम्तियाज ने कही यह खास बात
इम्तियाज ने समझाया कि वे मीरा के किरदार को गलत नहीं ठहराना चाहते थे, बल्कि उसे उसकी कमियों और खूबियों के साथ ईमानदारी से दिखाना चाहते थे।
उन्होंने कहा, 'हम लोगों को अच्छे-बुरे के लिए प्यार नहीं करते, हम उस इंसान को प्यार करते हैं, जिसे हम प्यार करते हैं।' उनके मुताबिक, फिल्मों में एकदम सही-सलामत या 'आदर्श' किरदार दिखाने के बजाय ऐसे इंसान दिखाना जरूरी था, जो असल हों और जिनमें कमियां भी हों। तभी तो कहानियां सच्ची लगती हैं।