श्रीधर वेंबु ने AI में हो रहे भारी निवेश को लेकर दी चेतावनी
जोहो के संस्थापक श्रीधर वेंबु का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर अभी, जो क्रेज चल रहा है, वह अब तक का सबसे बड़ा 'बबल' है।
उन्होंने एक वायरल एक्स पोस्ट पर अपनी राय दी, जिसमें उन्होंने कहा कि भले ही यह तकनीक काफी प्रभावशाली है, लेकिन जिस तरह से अभी AI में निवेश हो रहा है, वह काफी जोखिम भरा हो सकता है।
उन्होंने सभी से सावधानी बरतने की अपील की और कहा, "बड़ा नुकसान उठाए बिना इस दौर से कैसे निपटना है, यही सबसे जरूरी बात है।"
बढ़ा-चढ़ा कर दिखा रहा AI कंपनियों का मूल्यांकन
इस वायरल पोस्ट को लगभग 8.5 लाख लोगों ने देखा था, जिसमें बताया गया था कि माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी बड़ी कंपनियां OpenAI और एंथ्रोपिक जैसे AI स्टार्टअप्स में खूब निवेश कर रही हैं।
इसके बाद इन स्टार्टअप्स को अपने निवेशकों की क्लाउड सेवाओं पर भारी-भरकम खर्च करना पड़ता है। इसकी वजह से कंपनियों की कमाई और उनका मूल्यांकन असलियत से कहीं ज्यादा नजर आने लगता है। यह देखकर कई लोगों को पुराने 'डॉट-कॉम क्रैश' के दौर की याद आ रही है।