वेदांता करीब 500 अरब रुपये के कर्जे करेगी रीफाइनेंस
वेदांता रिसोर्सेज 5.2 अरब डॉलर (करीब 500 अरब रुपये) के बॉन्ड्स और कर्जों को रिफाइनेंस करने की तैयारी में है। दरअसल, S&P ग्लोबल और मूडीज ने कंपनी की क्रेडिट रेटिंग बेहतर कर दी है, जिसके चलते कंपनी अब यह कदम उठा रही है।
इस रिफाइनेंस योजना के तहत 2028 से 2033 के बीच परिपक्व होने वाले 3.6 अरब डॉलर (करीब 340 अरब रुपये) के बॉन्ड्स और 2028 के बाद देय 1.6 अरब डॉलर (करीब 150 अरब रुपये) के कर्जों को शामिल किया गया है।
ये बैंक कर रहे रिफाइनेंसिंग का प्रबंधन
बार्कलेज, सिटीग्रुप, ड्यूश बैंक और जेपी मॉर्गन जैसे 8 बड़े बैंक इस पूरे सौदे का प्रबंधन कर रहे हैं। वेदांता 5, 7 या 10 साल की मियाद वाले नए बॉन्ड्स जारी कर सकता है, ताकि कर्ज की अदायगी को और अधिक आसान बनाया जा सके।
कंपनी को उम्मीद है कि इस कदम से उसकी कर्ज लेने की लागत 300 बेसिस पॉइंट्स तक कम हो जाएगी और उसका कर्ज भविष्य के लिए कम जोखिम भरा हो जाएगा।