पिछले सप्ताह 6 कंपनियों ने कमाए 74,000 करोड़ रुपये
पिछले सप्ताह भारतीय शेयर बाजार में देश की सबसे बड़ी कंपनियों की दौलत और बढ़ गई। शीर्ष-10 में से 6 कंपनियों ने अपने बाजार पूंजीकरण में कुल 74,111 करोड़ रुपये का इजाफा किया है।
इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे आगे रही, जिसने अपने मूल्यांकन में लगभग 25,000 करोड़ रुपये बढ़ाए और देश की सबसे मूल्यवान कंपनी का अपना दर्जा बनाए रखा।
वैश्विक अनिश्चितता और रुपये के उतार-चढ़ाव के बावजूद सेंसेक्स भी थोड़ा ऊपर चढ़ गया।
इन कंपनियों के पूंजीकरण में आया उछाल
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और ICICI बैंक के बाजार पूंजीकरण में क्रमश: 19,339 करोड़ और 14,516 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
इसी प्रकार भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो ने भी मामूली बढ़त हासिल की, वहीं भारती एयरटेल को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा, उसका मूल्यांकन 20,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा गिर गया।
HDFC बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और हिंदुस्तान यूनिलीवर के पूंजीकरण में भी गिरावट आई। इन उतार-चढ़ाव के बाद भी, रिलायंस ने अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा, उसके बाद HDFC बैंक और भारती एयरटेल का नंबर आता है।