घाटे के बावजूद MSCI में शामिल होगी स्पेस-X, 11 जून को तय होगी IPO की कीमत
अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेस-X जल्द ही शेयर बाजार में लिस्ट होने जा रही है। फाइनेंस कंपनी MSCI के फास्ट-ट्रैक नियमों के चलते इसे प्रमुख ग्लोबल इंडेक्स में जल्द शामिल किया जा सकता है, भले ही कंपनी ने पिछले साल 4.94 अरब डॉलर (करीब 450 अरब रुपये) का भारी घाटा उठाया था।
आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के बाद इसका मूल्यांकन 1,750 अरब डॉलर (करीब 1.6 लाख अरब रुपये) तक पहुंच सकती है, जिससे यह अमेरिका की शीर्ष-10 सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनियों में शामिल हो जाएगी।
MSCI फंड्स को खरीदने होंगे शेयर
इस जल्दी लिस्टिंग का सीधा मतलब है कि MSCI को फॉलो करने वाले बड़े निवेश फंड्स को स्पेस-X के शेयर खरीदने होंगे। दरअसल, IPO के दौरान कंपनी के लगभग 7 फीसदी शेयर ही बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।
नैस्डैक और FTSE रसेल भी कंपनी को जल्दी शामिल करने की तैयारी में हैं, लेकिन S&P ग्लोबल अभी तक इससे दूर है, क्योंकि स्पेस-X अभी तक मुनाफे में नहीं आई है। IPO की अंतिम कीमत 11 जून को तय की जाएगी और 12 जून से इसकी ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी।