UK की कंपनियां AI संचालित होने का बढ़ा-चढ़ाकर करवा रहीं प्रचार
यूनाइटेड किंगडम (UK) की कई कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नाम पर सिर्फ प्रचार कर रही हैं, ताकि वे इस ट्रेंड का फायदा उठा सकें।
जनसंपर्क (PR) विशेषज्ञों का कहना है कि अब तो प्रॉपर्टी कंपनियां भी खुद को AI-संचालित बताने लगी हैं, जबकि उनके पास कोई ठोस सबूत नहीं है।
लंदन की फाइट ऑर फ्लाइट एजेंसी के इमरान आरिफ ने इस बारे में कहा कि ये कंपनियां एक तरह से खुद को ही धोखा दे रही हैं और अपनी तकनीकी क्षमता को जरूरत से कहीं ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रही हैं।
PR टीमें टूल्स को बढ़ा-चढ़ाकर कर रहीं पेश
PR टीमों का कहना है कि उन्हें बुनियादी टूल्स को भी अत्याधुनिक AI के रूप में पेश करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। वे साधारण फ्लोर-प्लान स्कैनर को भी हाई-टेक बताकर बेच रहे हैं।
इस तरह के बढ़ा-चढ़ाकर प्रचार से पत्रकारों में संदेह पैदा हो रहा है और इससे असली AI नवाचारों पर भरोसा कम हो सकता है।
अगर, कंपनियां सच को खींच-तान कर पेश करती रहीं तो लोग टेक की दुनिया में जो सच है, उस पर भी शक करने लगेंगे। इसलिए, PR पेशेवरों को अब ईमानदार रहते हुए भी खुद को अलग दिखाने के बेहतर तरीके खोजने होंगे।