AI नहीं खाएगा नौकरी, बल्कि बढ़ेंगी- पालो अल्टो CEO का दावा
पालो अल्टो नेटवर्क्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) निकेश अरोड़ा ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वजह से बड़े पैमाने पर लोगों को नौकरी से निकाला जाएगा, यह बात सिर्फ एक भ्रम है।
हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने साफ किया कि AI से जब उत्पादकता बढ़ती है तो कंपनियां को ज्यादा प्रोजेक्ट हाथ में लेने का मौका मिलता है और इससे नए कर्मचारियों की मांग भी बढ़ती है।
उन्होंने सीधे शब्दों में कहा, "नहीं, मुझे और चाहिए," जो आमतौर पर छंटनी की भविष्यवाणी करने वालों की सोच से बिल्कुल उलट है।
पालो अल्टो नेटवर्क्स ने 959 कर्मचारियों को जोड़ा
अरोड़ा ने इस बात पर जोर दिया कि जहां कुछ कंपनियां नौकरियों में कटौती कर रही हैं, वहीं कुछ ऐसी भी हैं, जो छंटनी करने के बजाय AI से जुड़े नए कौशल वाले कर्मचारियों को भर्ती कर रही हैं।
पालो अल्टो नेटवर्क्स ने तो खुद वित्त वर्ष 2026 की पहली 2 तिमाहियों में 959 नए कर्मचारियों को नियुक्त किया, उस समय जब अन्य टेक कंपनियां अपने कर्मचारियों की छंटनी कर रही थीं।
उन्होंने श्रोताओं को यह आश्वासन भी दिया कि AI सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और टेस्टिंग को और ज्यादा कुशल बना सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि साइबर सिक्योरिटी को AI की इस लहर में कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा।