ईरान-इजराइल युद्ध विराम के संकेतों के बावजूद बढ़े कच्चे तेल के दाम
कच्चे तेल की कीमतों में मंगलवार (9 जून) को हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है। यह बढ़त ईरान और इजराइल के बीच अस्थायी युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद देखने को मिली।
ब्रेंट क्रूड मामूली बढ़ोतरी के साथ 94.38 डॉलर (करीब 8,950 रुपये) प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 91.41 डॉलर (करीब 8,650 रुपये) पर दर्ज किया गया।
यह बढ़ोतरी पिछले दिन के मुकाबले कम थी क्योंकि एक दिन पहले ही कीमतों में बड़ा उछाल आया था। दरअसल, इससे एक दिन पहले ईरान पर इजराइल के नए हमलों और लेबनान में हुई वारदातों से बड़े संघर्ष की आशंका बढ़ गई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की युद्धविराम की अपील
यह युद्धविराम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस अनुरोध के बाद हुआ, जिसमें उन्होंने दोनों पक्षों से हमलों को रोकने के लिए कहा था।
हालांकि, क्षेत्र में तनाव अभी भी बना हुआ है। ईरान ने साफ कहा है कि अगर, इजराइल हिजबुल्लाह को निशाना बनाना जारी रखता है तो वे जवाबी हमला करेंगे।
दूसरी तरफ, इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि किसी भी उकसावे पर कड़ा जवाब दिया जाएगा। निवेशक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर भी पैनी नजर बनाए हुए हैं, जो तेल के वैश्विक व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है।