इंफोसिस ने परीक्षा में नकल के बाद 20,000 आवेदकों की भर्ती रोकी
इंफोसिस ने 20,000 से भी ज्यादा आवेदकों की भर्ती परीक्षाओं पर रोक लगा दी है। कंपनी को इन परीक्षाओं में नकल और अभ्यर्थी की जगह किसी और के परीक्षा देना के कई मामले मिले थे।
यह फैसला उन सभी उम्मीदवारों पर लागू होगा, जिन्होंने विशेषज्ञ प्रोग्रामर और डिजिटल विशेषज्ञ इंजीनियर ट्रेनी जैसे पदों के लिए आवेदन किया था।
इंफोसिस ने उम्मीदवारों को बताया है कि कंपनी अपनी मूल्यांकन प्रक्रिया को बेहतर बनाने के बाद उन्हें नई परीक्षा तिथियों की जानकारी देगी और इस घटना से उसकी कुल भर्ती योजनाओं में कोई बदलाव नहीं आएगा।
अब सख्त जांच और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाए
भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इंफोसिस ने अब सख्त जांच और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने शुरू कर दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी गड़बडियां रुक सकें।
कंपनी की ये सभी मूल्यांकन प्रक्रियाएं इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड प्लेटफॉर्म पर होती हैं। यह प्लेटफॉर्म 1.5 करोड़ से भी ज्यादा लोगों तक अपनी पहुंच बना चुका है।
इनमें कंपनी के कर्मचारी, छात्र, शिक्षक, क्लाइंट के कर्मचारी और स्थानीय समुदाय के सदस्य शामिल हैं। नकली प्रोफाइल और वर्चुअल हायरिंग में आने वाली तकनीकी दिक्कतों के बावजूद भी इंफोसिस अगले वित्तीय वर्ष 2027 में करीब 20,000 नए ग्रेजुएट्स को भर्ती करने की अपनी योजना पर कायम है।