कर्सर यूरोपीय बाजारों के लिए लंदन में खोलेगी मुख्यालय
सैन फ्रांसिस्को की एक तेजी से उभरती आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप कर्सर ने अपने नए यूरोपीय मुख्यालय के लिए लंदन को चुना है।
2022 में शुरू हुई यह कंपनी ऐसे टूल्स बनाती है, जो साधारण अंग्रेजी को कोड में बदल देते हैं, जिससे उन कंपनियों का काम आसान हो जाता है, जो अपनी टेक्नोलॉजी को अपग्रेड करना चाहती हैं।
कर्सर ने इस साल के आखिर तक EMEA रीजन में करीब 200 स्टाफ रखने का लक्ष्य रखा है।
इन स्थानों पर खोलेगी छोटे दफ्तर
लंदन को यह मौका इसलिए मिला क्योंकि वहां टेक टैलेंट काफी तादाद में मौजूद है और वर्कफोर्स भी काफी विविध है। अमेरिका से यूरोप में कारोबार चलाना कारगर नहीं होता है।
यूरोपियन बाजार की अपनी कुछ खास मांगे हैं और इस रीजन में मौजूद रहना बहुत अहम है। कर्सर पूरे यूरोप में विस्तार करते हुए पेरिस, म्यूनिख और स्टॉकहोम में भी छोटे ऑफिस खोलने पर विचार कर रही है।
स्पेस-X कर सकती है कंपनी के साथ बड़ा सौदा
कर्सर पहले से ही ब्रिटिश एयरवेज, BP और नोकिया जैसे बड़े नामों से सालाना 2.6 अरब डॉलर (करीब 245 अरब रुपये) कमा रही है। यह गिटहब कॉपायलट जैसे दिग्गजों से मुकाबला करती है, लेकिन इसकी खासियत है कि यह किसी भी AI मॉडल के साथ काम कर सकती है।
एलन मस्क की स्पेस-X इस कंपनी को खरीदने या इस साल के आखिर में 10 अरब डॉलर (करीब 950 अरब रुपये) का समझौता करने पर भी विचार कर रही है।