कहीं आपकी UPI लिमिट भी तो कम नहीं हुई? जानिए बैंक ऐसा क्यों करते हैं
क्या आपने कभी सोचा है कि आपके यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) लेन-देन की सीमा अचानक कम क्यों हो जाती है?
दरअसल, बैंक कई बार आपकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दैनिक या प्रति-लेन-देन की सीमा कम कर देते हैं।
ऐसा उनकी अपनी नीतियों, नियामकीय दिशा-निर्देशों, किसी खास ऐप से जुड़े प्रतिबंधों या फिर आपके हाल के लेन-देनों में कुछ असामान्य गतिविधि दिखने की वजह से हो सकता है।
गलत पिन डालने के बाद लिमिट हो जाती है कम
अगर, आप बार-बार गलत पर्सनल आइडेंटिफिकेशन नंबर (पिन) डालते हैं, कई बार लेन-देन फेल हो जाते हैं या ऐसे लेन-देन करते हैं, जो सामान्य से हटकर लगते हैं तो बैंक सुरक्षा के लिए आपकी UPI सीमा को कुछ समय के लिए घटा सकते हैं। कई बार ऐप अपडेट या सर्वर मेंटेनेंस जैसी तकनीकी दिक्कतें भी इसका कारण बन सकती हैं।
लेन-देन के बीच में अटकने से बचने के लिए कोशिश करें कि आपके लेन-देन की आदतें नियमित हों और पैसे भेजने से पहले सभी जानकारी दोबारा जांच लें।
अगर, ऐसी कोई परेशानी आती है तो चीजें सामान्य होने पर लिमिट आमतौर पर अपने आप रीसेट हो जाती है या आप सहायता के लिए सीधे अपने बैंक से संपर्क कर सकते हैं।