एकाे ला रही 2,850 करोड़ रुपये का IPO
बेंगलुरु की डिजिटल बीमा स्टार्टअप एको सितंबर तक 30 करोड़ डॉलर (करीब 2,850 करोड़ रुपये) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है।
कंपनी का लक्ष्य 2 अरब डॉलर (करीब 190 अरब रुपये) का मूल्यांकन हासिल करना है। वह जल्द ही भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास अपने दस्तावेज जमा करने वाली है।
अगर, बाजार के हालात ठीक रहे तो कंपनी को मौजूदा वित्त वर्ष के आखिर तक सूचीबद्ध किया जा सकता है।
चौथी तिमाही में कंपनी ने कमाया लाभ
एको ने वित्तीय वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में लाभ कमाया है। इस तिमाही में कंपनी ने 2,887.4 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया। इससे पहले, वित्त वर्ष 2025 में कंपनी को कुल 424.4 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, इस IPO में नए शेयर जारी किए जाएंगे और कुछ पुराने निवेशक भी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। ICICI सिक्योरिटीज, कोटक महिंद्रा कैपिटल और मॉर्गन स्टेनली की भारतीय इकाई इस पूरी प्रक्रिया का प्रबंधन करेंगी।
लगभग 60 कर्मचारियों की हुई छंटनी
2016 में शुरू हुई एको सीधे ग्राहकों को वाहन, स्वास्थ्य और जीवन बीमा बेचती है। अप्रैल में कंपनी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इंटीग्रेशन को तेज किया, जिससे करीब 60 कर्मचारियों की छंटनी हुई।
यह कदम ग्राहकों को और किफायती और उनकी पसंद के हिसाब से बीमा इंश्योरेंस देने की कंपनी की रणनीति का हिस्सा है। सीईओ अनिमेष दास बताते हैं कि उनका ध्यान टेक्नोलॉजी की मदद से ग्राहकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करने पर है।