दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ भारत बना दुनिया का छठा सबसे बड़ा बाजार
भारत ने बाजार पूंजीकरण के मामले में दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ते हुए दुनिया में छठा स्थान हासिल कर लिया है। यह बदलाव इसलिए आया है क्योंकि दक्षिण कोरिया के बाजार पूंजीकरण को एक हफ्ते में करीब 10 फीसदी का बड़ा नुकसान हुआ है, जिससे यह 4,500 अरब डॉलर (करीब 4.25 लाख अरब रुपये) पर आ गया, वहीं भारत का पूंजीकरण 4,840 अरब डॉलर (करीब 4.6 लाख अरब रुपये) पर बना रहा।
AI से जुड़े शेयरों की बिकवाली से नुकसान
दक्षिण कोरिया में यह गिरावट मुख्य रूप से सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और SK हाईनिक्स जैसी बड़ी चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों को हुए भारी नुकसान की वजह से हुई।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में दुनियाभर में हुई बिकवाली के बाद इन कंपनियों के शेयर क्रमश: 18 फीसदी और 19 फीसदी तक गिर गए।
दूसरी तरफ, भारतीय IT शेयर भी थोड़े गिरे जरूर, लेकिन उन्होंने इस उठा-पटक को ज्यादा अच्छे से संभाला। BSE IT इंडेक्स में 7.5 फीसदी की गिरावट देखी गई, जबकि सेंसेक्स और निफ्टी जैसे बड़े इंडेक्स में करीब 1 फीसदी का ही बदलाव आया।