SBI जल्द लाएगी योनो 3.0, अभी 4.5 करोड़ से ज्यादा ग्राहक कर रहे इस्तेमाल
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बताया है कि वह अपने डिजिटल बैंकिंग ऐप के अगले वर्जन योनो 3.0 पर जल्द ही काम शुरू करेगा। पिछले साल दिसंबर में आए बड़े अपडेट के बाद से इस ऐप ने तेजी से तरक्की की है। इसके अब 4.5 करोड़ से ज्यादा एक्टिव यूजर्स हो गए हैं और हर दिन 2 करोड़ लॉग-इन रिकॉर्ड होते हैं।
SBI के अध्यक्ष सीएस शेट्टी ने कहा कि योनो बैंक के डिजिटल अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह ग्राहकों को अपने ज्यादातर बैंकिंग काम खुद करने में सक्षम बनाता है। इससे कोई यह आरोप नहीं लगा सकता कि बैंक ने उन्हें गलत जानकारी देकर कोई प्रोडक्ट बेचा है।
छोटे बैंकों के साथ शेयर करेगी ऐप की खूबियां
SBI की योजना है कि वह छोटे बैंकों के साथ योनो की खूबियों को साझा करेगा। यह कदम बैंक की बड़ी फिनटेक महत्वाकांक्षाओं की ओर इशारा करता है।
यह ऐप SBI के लगभग सभी उत्पादों और सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है, जिससे ग्राहकों को काफी सुविधा मिलती है।
इसी खूबी के चलते इसे 'बैंक के अंदर बैंक' का नाम दिया गया है। 99.9 प्रतिशत की विश्वसनीयता और कम सर्विस चार्ज के साथ शेट्टी योनो को ग्राहकों और बैंक दोनों के लिए फायदेमंद बताते हैं।